साढ़े छह हजार लीटर शराब और रसायन नष्ट
पिंपरी चिंचवड़। पिंपरी चिंचवड़ पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट 5 और एंटी गुंडा स्क्वाड ने शिरगांव और चिंचवड़ में अवैध शराब की भट्टियों पर छापेमारी की कार्रवाई की। इन दोनों कार्रवाई में पुलिस ने करीब साढ़े छह हजार लीटर हाथभट्टी शराब और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन को जब्त कर नष्ट किया है। शिरगांव में पवना नदी के किनारे शराब की भट्टी पर सोमवार (7 अक्टूबर) शाम करीब छह बजे की गई कार्रवाई में एक 24 वर्षीय महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।इस मामले में पुलिस अमलदार श्यामसुंदर गुट्टे ने शिरगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। क्राइम ब्रांच की यूनिट 5 को शिरगांव में पवना नदी के किनारे शराब की भट्टी चलने की सूचना मिली थी। इसी के तहत पुलिस ने सोमवार की शाम शराब भट्टी पर छापा मारकर कार्रवाई की। इस कार्रवाई में पुलिस ने 5000 लीटर शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल को नष्ट कर दिया। हालांकि पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी महिला भाग गयी। शिरगांव पुलिस उसकी खोजबीन कर रही है।
चिंचवड़ में डेढ़ हजार लीटर शराब जब्त
एंटी गुंडा स्क्वाड ने चिंचवड़ के दलवी नगर में एक कार्रवाई करते हुए 1440 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त की। सोमवार (7 अक्टूबर) को दोपहर एक बजे की गई इस कार्रवाई में कुणाल नवनाथ चव्हाण (35) निवासी आनंदनगर वसाहत चिंचवड़, पुणे नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ पुलिस अमलदार विजय गंभीरे ने चिंचवड़ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को सूचना मिली कि शराब लेकर एक गाड़ी चिंचवड़ इलाके के दलवी नगर आ रही है, जिसमें हाथ भट्टी शराब है। इसके अनुसार एंटी गुंडा स्क्वाड की टीम ने जाल बिछाया और कार्रवाई की। पुलिस ने संदिग्ध जीप की जांच की तो उसमें 1440 लीटर हाथ भट्टी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ कुल 5 लाख 94 हजार रुपये कीमत की बोलेरो जीप जब्त की। इस संबंध में चिंचवड़ पुलिस जांच कर रही है।

0 Comments